D.NEWS DEHRADUN उत्तराखंड क्रांति दल की महानगर और जनपद इकाई की ओर से गुरूवार को घंटाघर स्थित स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के समक्ष अगस्त क्रांति की शुरुआत की गई।
इस दौरान गैरसैंण राजधानी, किसानों की ऋण माफी, बेरोजगारी, पलायन और मलिन बस्तियों को मालिकाना हक दिलाने की कई मांगे उठाई गई। साथ ही सरकार के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कांग्रेस भाजपा उत्तराखंड छोड़ो के नारे भी लगाए। एक दिवसीय धरने को संबोधित करते हुए केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि जिस प्रकार नौ अगस्त 1942 को देश को अंग्रेजों से आजाद कराने के लिए महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी उसी प्रकार उत्तराखंड राज्य को भाजपा और कांग्रेस से मुक्त कराने के लिए यूकेडी ने अपना अगस्त आंदोलन शुरू किया है। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता लताफत हुसैन ने कहा कि पार्टी उत्तराखंड राज्य के प्रणेता पर्वतीय गांधी इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के समक्ष संकल्प लेती है कि प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल संघर्ष करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। जिला अध्यक्ष सुनील ध्यानी ने कहा कि मलिन बस्तियों के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही आज कटघरे में खड़ी हैं। धरने पर केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय, कार्यकारी महानगर अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, महिला प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वरी चौहान, वाहिद खान, इमरान अहमद, मनोज मंमगाई, धर्मेंद्र कठैत, ललित कुमार, कैलाश राणा आदि मौजूद रहे।