
देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज आईएएस एसोसिएशन के सदस्यों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने शासन के उच्चाधिकारियों को पत्रावलियों का निस्तारण समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से मेहनत, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन की भी अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा देश की सबसे बड़ी सेवा है। शासन में बैठे अधिकारियों से जनता की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। जनता से जुड़े कार्यों का त्वरित निस्तारण समयबद्धता के साथ हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था बनाए जाने की जरूरत है।