
देहरादून: (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज मंगलवार को कैबिनेट की बैठक होगी। माना जा रहा है कि बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है। वहीं, भाजपा छोड़कर कांग्रेस में गए यशपाल आर्य को प्रदेश मंत्रिमंडल से हटा दिया गया है। आर्य के पास परिवहन समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण, निर्वाचन व आबकारी मंत्रालय थे। आर्य के आवंटित विभाग व विषय मुख्यमंत्री के पास अतिरिक्त कार्य प्रभार के रूप में रहेंगे।
पिछली कैबिनेट में सरकार ने राजकीय व सार्वजनिक उपक्रमों, बोर्डों व निगमों के तीन लाख से अधिक कर्मचारी-पेंशनरों व पारिवारिक पेंशनरों को 11 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का बड़ा फैसला लिया था।
सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
मानदेय बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से लड़ाई लड़ रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने को तैयार हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अगली कैबिनेट बैठक में सरकार के रुख का इंतजार कर रही हैं। सीटू से संबद्ध आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सेविका कर्मचारी यूनियन सहित सात संगठनों ने 12 अक्तूबर तक मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाए जाने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। लक्ष्मी पंत ने बताया कि पूर्व में मंत्री के साथ हुई बैठक में उनकी ओर से मांगों को लेकर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित को निर्देशित किए जाने की बात कही गई थी। अब उन्हें कैबिनेट बैठक का इंतजार है। दूसरी ओर से कार्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सेविका मिनी कर्मचारी संगठन ने कुछ जगहों पर कार्य बहिष्कार शुरु कर दिया है। इसके चलते कई जगहों पर राशन वितरण ठप है।