
D.NEWS DEHRADUN: गंगा सोमवार को फिर चेतावनी निशान 339.50 मीटर को पार कर बही। गंगा में डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी प्रभावित होने पर प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया। शाम 5 बजे बाद जलस्तर घटने लगा। उधर, सौंग के साथ बरसाती नदी चन्द्रभागा भी उफान पर रही।
सोमवार को गंगा दिनभर चेतावनी निशान से 2 सेंटीमीटर ऊपर बही। सुबह दस बजे जलस्तर चेतावनी निशान को पार कर गया। इसके बाद जलस्तर में लगातार वृद्धि होने लगी। अपराह्न तीन बजे जलस्तर 2 सेंटीमीटर ऊपर रहा। शाम 5 बजे से जलस्तर में गिरावट शुरू हो गई। मौसम वैज्ञानिक विक्रम सिंह ने बताया कि चंपावत, पिथौरागढ़, उधमसिंहनगर में फुट हिल्स क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होगी। इसके साथ ही मैदानी क्षेत्रों में सामान्य बरसात के आसार बन रहे है।
चीला-बैराज और नीलकंठ मार्ग बाधित
बारिश से बीन नदी उफना गई। इससे चीला वैकल्पिक मार्ग बाधित हो गया। दोपहर के समय उफनाई बीन नदी में शाम चार बजे से जलस्तर घटना शुरू हुआ। उधर, सुबह 10 बजे नीलकंठ मार्ग पर गट्टूगाड़ के पास मलबा गिरने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। करीब एक घंटे बाद मलबा हटाने पर यातायात सामान्य हो पाया।