नई दिल्ली।केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात समेत देश के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश से बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। इन राज्यों में अबतक बाढ़ की वजह से 70 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए हैं और हजारों लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि पिछले दो दिनों में महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक में मूसलधार बारिश होने से हालात और खराब हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में इन सभी राज्यों के साथ गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
केरल के वायनाड में लगातार बारिश से हालात बेकाबू हो गए हैं। वायनाड में लगातार बारिश से मेप्पडी पंचायत के पुथुमाला गांव में भूस्खलन हो गया था।राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, अग्निशमन और बचाव विभाग और वन विभाग के अधिकारी फिलहाल खोज और बचाव अभियान में लगे हुए हैं। कर्नाटक में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए सीएम बीएस येदियुरप्पा ने बताया कि बाढ़ के कारण 24 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे 1024 गांव गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। राज्य में राहत और बचाव कार्य के लिए 20 एनडीआरएफ की टीमें, 10 सेना की टीम, 5 नेवी की टीमें और 2 एसडीआरएफ दल लगा हुआ है। इसके साथ ही सीएम येदियुरप्पा ने घोषणा में कहा कि मृतक के परिजनों को 5 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। कर्नाटक: केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की नेता निर्मला सीतारमण ने आज बेलगाम में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
कर्नाटक में भारी बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं। नेत्रावती नदी के आसपास के कई इलाकों में नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण बाढ़ आ गई है।
इस बीच ख़बर है कि बाढ़ के हालात को देखने के लिए राहुल गांधी रविवार को केरल के वायनाड का दौरा करेंगे। राहुल गांधी केरल के वायनाड से सांसद है।
सेना के जवानों ने केरल के बाढ़ प्रभावित जिले वायनाड में एक नवजात बच्चे का रेस्क्यू किया है। केरल के वायनाड में बाढ़ ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है।
महाराष्ट्र में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) का सांगली में बचाव अभियान जारी है। यहां लोगों को बाढ़ग्रस्त इलाके से निकाला जा रहा है। इस बीच एक बचाव दल केरल के मलप्पुरम के कवलप्परा पहुचा हैं जहां 8 अगस्त को भूस्खलन के बाद 30 से अधिक लोगों के लापता होने की आशंका है। खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है।
महाराष्ट्र में भी भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। यहां कोल्हापुर में सभी 14 नौसेना दल 6 टॉड से कोल्हापुर के पास शिरोली गाँव (शिरोल ब्लॉक) में बचाव कार्य के लिए रवाना हो चुके हैं। कर्नाटक में बाढ़ से हालात खराब हो गए हैं। राज्य नागरिक सुरक्षा क्यूआरटी (क्विक रिएक्शन टीम) ने गडग जिले के होलीलुर गांव में बाढ़ के दौरान राहत और बचाव कार्य किया है।