
D.NEWS DEHRADUN : हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण लोकपाल मंदिर के कपाट 10 अक्तूबर को दोपहर डेढ़ बजे शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। मंगलवार को दिल्ली के जनक सिंह, पंजाब के गुरुदेव सिंह और गुरदासपुर के बलवंत सिंह के साथ करीब दो हजार तीर्थयात्रियों के अलग-अलग जत्थे घांघरिया पहुंच गए हैं।
बुधवार को सुबह छह बजे जत्था हेमकुंड साहिब के लिए रवाना होगा। गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि पंजाब से पहुंचे सेना के बैंड धुनों के बीच दोपहर डेढ़ बजे हेमकुंड साहिब के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
इस वर्ष अभी तक करीब दो लाख श्रद्धालु हेमकुंड साहिब की यात्रा कर चुके हैं। बता दें कि, साल 2016 में 80 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे, जबकि साल 2017 में दो लाख 27 हजार तीर्थयात्रियों ने हेमकुंड साहिब के दर्शन किए थे।