
D.NEWS DEHRADUN : हरिद्वार में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि विसर्जन के बाद अब देवभूमि उत्तराखंड के चार और स्थानों पर भी अस्थि कलश विसर्जित किए जाएंगे। 24 अगस्त को बदरीनाथ, बागेश्वर, हल्द्वानी और ऋषिकेश में इन्हें विसर्जित किया जाएगा। इससे पहले 23 अगस्त को देहरादून में प्रदेश भाजपा कार्यालय में अस्थि कलश दर्शनार्थ रखे जाएंगे। इन कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजयेपी की अस्थियां देशभर में सौ स्थानों पर पवित्र नदियों में विसर्जित करने का निश्चय किया गया है। इस कड़ी में उत्तराखंड में बदरीनाथ, बागेश्वर, हल्द्वानी व ऋषिकेश में अस्थि विसर्जन होना है। अस्थि कलश लेने के लिए प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष अजय भट्ट मंगलवार को दिल्ली रवाना हो रहे हैं। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बलजीत सोनी के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष 22 अगस्त को अस्थि कलश लेकर देहरादून पहुंचेंगे। 23 अगस्त को बलवीर रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में सुबह 10 बजे से अस्थि कलश दर्शनार्थ रखे जाएंगे। इसके बाद 24 अगस्त को ये विसर्जित किए जाएंगे। अस्थि विसर्जन कार्यक्रम के लिए मंत्रियों, विधायकों व भाजपा नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बदरीनाथ में प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के साथ विधायक महेंद्र भट्ट व जिलाध्यक्ष मोहन थपलियाल मौजूद रहेंगे। बागेश्वर में राज्यमंत्री रेखा आर्य, विधायक बलवंत भौर्याल, कैलाश शर्मा व जिलाध्यक्ष शेर सिंह गड़िया, हल्द्वानी में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री गजराज बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट और ऋषिकेश में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल व जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर मौजूद रहेंगे। बताया गया कि इन सभी कार्यक्रमों के मुख्य समन्वयक विधायक एवं प्रदेश महामंत्री खजानदास होंगे, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला व प्रदेश सचिव पुष्कर सिंह काला उनके साथ सहयोगी रहेंगे। सभी जगह कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी समेत मंडल, जिला व प्रदेश स्तर के पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
Post Views: 499