
देहरादून : प्रदेश में उपचुनाव को लेकर के भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने गुरुवार देर शाम सल्ट उपचुनाव पर सरकार के मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रत्याशी से लेकर चुनाव संचालन को लेकर चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि सल्ट उपचुनाव के लिए गठित भाजपा की कमेटी के सदस्यों-कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और भाजपा महामंत्री सुरेश भट्ट से चर्चा की गई। सल्ट उपचुनाव के प्रभारी सुरेश भट्ट से फीडबैक लिया गया। फिर प्रदेश प्रभारी ने सभी मंत्रियों संग चर्चा की। मीडिया से बातचीत में प्रदेश प्रभारी ने कहा कि केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक के बाद एक-दो दिन में ही प्रत्याशी का ऐलान कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को प्रत्याशी बनाए जाने के बारे में पूछे जाने पर गौतम बोले, इस बारे में कोई भी निर्णय केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड लेगा।
उपचुनाव के एग्जिट पोल पर रोक
अल्मोड़ा। सल्ट उपचुनाव में 27 मार्च से एग्जिट पोल पर रोक रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया है कि राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त निर्देशों के क्रम में यह आदेश अप्रैल तक लागू रहेगा।
प्रत्याशी चयन को दिल्ली पहुंचे प्रीतम-इंदिरा
सल्ट विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए कांग्रेस की प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई। शुक्रवार को राज्य के कांग्रेस नेता, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक करेंगे। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश, सल्ट सीट के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक एवं विधायक दल के उपनेता करन माहरा और प्रदेश उपाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा नई दिल्ली पहुंच गए। सूत्रों के अनुसार, पर्यवेक्षकों ने पूर्व प्रत्याशी गंगा पंचोली और सल्ट के ब्लॉक प्रमुख विक्रम रावत के नाम की सिफारिश की। मालूम हो कि, गंगा पंचोली पिछले विधानसभा चुनाव में कम अंतर से चुनाव जीतने से चूक गई थीं। जबकि, विक्रम रावत पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के बेटे हैं। इन प्रत्याशियों को लेकर कांग्रेस का एक वर्ग जहां गंगा पंचोली का पक्ष ले रहा है, दूसरी ओर, प्रीतम सिंह कैंप में विक्रम रावत की पैरवी की जा रही है।
