
D.NEWS DEHRADUN: महिला की मौत के बाद पीड़ित परिवार की तहरीर पर ससुराल पक्ष के सात लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। सिविल लाइंस कोतवाली को तहरीर देकर लक्ष्मी पुत्री भारत पांडे निवासी राजनगर लोनी बार्डर गाजियाबाद ने बताया कि बहन हेमा की शादी तीन फरवरी 2007 को आर्दश नगर निवासी युवक से कराई थी। बताया कि युवक की यह दूसरी शादी थी। पीड़िता ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद बहन का उत्पीड़न शुरू हो गया। आरोप है कि बहन के पति का अपनी पहली पत्नि से अवैध संबंध बन गए। इसी बात को लेकर दोनों में कई बार कहासुनी हुई। विरोध करने पर बहन के साथ मारपीट की जाती थी। कई बार ससुराल पक्ष को समझाया गया लेकिन बात नहीं बनी। ससुराल के उत्पीड़न से बहन करीब दो माह तक मायके रही। ससुराल पक्ष फोन कर तलाक देने का दबाव बनाने लगा। छह अक्टूबर को ससुराल पक्ष का फोन आया बताया कि पति अरुण प्रसाद की तबीयत अचानक खराब हो गई। हालत बेहद चिंताजनक है। बहन ने ससुराल जाने की जिद की। कई बार बहन को ससुराल नहीं जाने की बात कही लेकिन बहन नहीं मानी और ससुराल चली गई। आठ अक्टूबर को बहन का फोन आया। बताया कि ससुराल पक्ष उसे जान से मारने का षडयंत्र रच रहे हैं। उनकी बात मैंने चुपके से सुन ली। दोबारा फोन करने पर ससुराल पक्ष ने बताया कि हेमा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स अस्पताल लेकर जा रहे हैं। बहन को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे तो उसे तब तक दम तोड़ दिया था। साथ ही मौके से ससुराल पक्ष फरार था। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर बहन की हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि हेमा की मौत पर पति अरुण प्रसाद, सास तुलसी देवी और ससुराल पक्ष के अशोक, मनोज, सीमा निवासी आर्दश नगर और अरुण की मौसी ऊषा निवासी संतनगर, दिल्ली और सतीश पर हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
बीकॉम की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता : युवती घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी युवती शहर के निजी कॉलेज से बीकॉम की छात्रा है। परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया कि बेटी सोमवार को घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। बेटी के लापता होने पर घर में खलबली मच गई। बेटी की सहेलियों से लेकर रिश्तेदारों से जानकारी जुटाई गई। लेकिन कोई भी युवती के लापता होने के बारे में कुछ नहीं बता पाया। इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि युवती की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।