
D.NEWS DEHRADUN : बाबा रामदेव ने कहा कि राज्य और केंद्र में भाजपा बहुमत की सरकार में अगर श्रीराम मंदिर नहीं बनता है तो भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास उठ जाएगा। जो भाजपा और देश हित में नहीं होगा। मंगलवार को शदाणी दरबार के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रामदेव ने पत्रकारों से कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी और केंद्र में मोदी की पूर्ण बहुमत की सरकार है।
इतना होते हुए अब भी अगर श्रीराम का मंदिर नहीं बना तो जो विश्वास देश की जनता ने भाजपा पर जताया था वह समाप्त हो जाएगा। जो भाजपा के लिए खासा नुकसान देय होगा। कहा कि यह श्रीराम के साथ देश के करोड़ों लोगों की आस्था के सम्मान से जुड़ा मामला है। यदि बगैर कोर्ट के फैसले और संसद में कानून लाए बगैर कार सेवा करके मंदिर बनाया जाता है तो देश में माहौल बिगड़ेगा। यह कोई नहीं चाहता। सरकार संसद में कानून बनाकर श्रीराम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करे। कार सेवा खुद ही शुरू हो जाएगी।