रुड़की: शहर में शुक्रवार को वीआइपी मूवमेंट लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया

देहरादून: (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) रुड़की शहर में शुक्रवार को वीआइपी मूवमेंट लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया। रुड़की में शुक्रवार को मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री के आगमन के चलते कुछ देर को आवाजाही रोकनी पड़ी। जिसके चलते सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुक्रवार को रुड़की का दौरा था। इस दौरान उनके साथ दो कैबिनेट मंत्री भी थे। रुड़की सिविल अस्पताल और नेहरू स्टेडियम समेत अन्य कई स्थानों पर मुख्यमंत्री को जाना था। लेकिन रुड़की में हुए इस वीआईपी मूवमेंट के चलते शहरवासियों को जाम में फंसना पड़ा। सिविल अस्पताल के बाहर ईदगाह चौक पर इसी तरह का लंबा जाम लगा हुआ था। जिसमें दोपहिया और चौपहिया वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। गणेशपुर पुल, एमएच चौक पर भी जाम लगा। झलकियां गुरुवार रात को रुड़की में हुई बारिश से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल नेहरू स्टेडियम पर कई स्थानों पर पानी भर गया। नगर निगम के कर्मचारी कार्यक्रम स्थल पर भरे पानी को निकालने में कई घंटों मेहनत करते दिखे।
मेरे बैनर किसने ढके झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा से मिलकर उनके बैनर ढके जाने की शिकायत की। झबरेड़ा विधायक ने इस पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की। जबकि रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि उनके किसी कार्यकर्ता ने ऐसा कोई काम नहीं किया। जब पार्षद की ली चुटकी वीआईपी गैलरी में एक पार्षद भाजपा का झंडा लेकर घूम रहा था। झंडे को लेकर मंच पर जाने की कोशिश कर रहा था। वहां मौजूद सुरक्षा कर्मी ने झंडे को नीचे रखकर ऊपर जाने को कहा तो पार्षद ने कहा कि वह 25 सालों से इस झंडे को उठाए हैं। तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पार्षद की चुटकी लेते हुए कहा कि निर्दलीय चुनाव लड़ते कहां जाता है तुम्हारा यह झंडा प्रेम?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *