देहरादून : (हरिद्वार) कुंभ के पहले स्नान पर जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकडा 24 दर्ज किया गया, जिनमें से 10 कोरोना संक्रमित बाहर से आये यात्री हैं। जिले के 14 संक्रमितों को जहां होम आइसोलेट किया गया है। वहीं बाहर से आये श्रद्धालुओं को आइसोलेशन में भेज दिया गया है।
बुधवार से ही हरिद्वार में श्रद्धालुओं के आने का तांता लग गया था। भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार दोपहर 2 बजे से गुरुवार शाम तक 40 हजार से ज्यादा लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया। जिसमें जिले में रहने वाले 14 लोग जहां कोरोना संक्रमित पाए गए वहीं 10 यात्रियों में भी कोरोना संक्रमण पाया गया, जिसके बाद उनके साथ आये लोगों का भी कोरोना का आरटीपीसीआर टेस्ट कराया गया है। सभी संक्रमितों को फिलहाल आइसोलेशन में भेज दिया गया है जबकि जिले में रहने वालों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। सीएमओ डॉ एसके झा ने बताया कि बॉर्डर सहित पूर्व चिन्हित स्थानों पर उन लोगों की कोरोना टेस्टिंग की जा रही है जो अपने साथ कोरोना रिपोर्ट नहीं ला रहे हैं। आने वाली भीड़ को देखते हुए टेस्टिंग का यह क्रम अगले तीन दिन भी इसी तरह जारी रखा जाएगा। कल दोपगर से गुरुवार शाम तक 40 हजार से अधिक लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है।
—
अधिकारियों ने दिए निर्देश
पहले शाही स्नान में सुबह से ही मेलाधिकारी दीपक रावत ने हरकी पैड़ी व आसपास के घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कहीं पर भी भीड़ को एकत्रित न होने दें। श्रद्धालुओं से कोविड से बचाव के लिए मास्क अवश्य लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की भी मेलाधिकारी ने अपील की। इसके अलावा डीजीपी अशोक कुमार, गढ़वाल आयुक्त रविनाथ रमन और एसएसपी कुंभ जन्मेजय खंडूरी आदि ने भी हरकी पैड़ी के घाटों व मीडिया प्लेटफार्म पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
