देश के 10 राज्यों में लॉकडाउन लागू

देहरादून : देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 13 लाख 83 हजार 854 पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में 46 हजार 839 नए केस मिले। हालांकि इस बीच राहत की बात है कि रिकॉर्ड 34 हजार 551 मरीज ठीक भी हुए। इसी के साथ रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या अब 8 लाख 84 हजार 659 हो चुकी है। अभी 4 लाख 66 हजार 686 लोगों का इलाज चल रहा है जबकि 32 हजार 89 मरीजों की मौत हो चुकी है।

इस बीच, संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश के 10 राज्यों में लॉकडाउन लागू हो गया है। हालांकि सभी राज्यों के लॉकडाउन का नियम और तरीका अलग-अलग है। कुछ राज्यों ने केवल वीकेंड पर यानी शनिवार और रविवार को लॉकडाउन लगाया है तो कुछ ने 7 से 14 दिनों तक अपने राज्य के कुछ जिलों में सबकुछ बंद रखने का फैसला लिया है।

इन राज्यों में लॉकडाउन

  • उत्तर प्रदेश : राज्य में हर हफ्ते शनिवार और रविवार लॉकडाउन लागू रहेगा। पिछले हफ्ते से ही इसकी शुरूआत हो चुकी है। इस दौरान सारे बाजार बंद रहेंगे। केवल मेडिकल व जरूरी सप्लाई जारी रहेगी। शराब की दुकानें भी खुली रहेंगी।
  • पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल सरकार ने भी शनिवार और रविवार को पूरा राज्य बंद रखने का फैसला लिया है। इस बीच केवल मेडिकल सुविधाएं और अन्य जरूरी चीजों की सप्लाई जारी रहेगी।
  • तमिलनाडु : राज्य सरकार ने कोयंबटूर में हर हफ्ते रविवार को पूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है।
  • केरल: राज्य में वीकेंड पर ट्रिपल लॉकडाउन लगाया गया है। इसमें कंटेनमेंट जोन, कुछ खास क्लस्टर्स और संक्रमित घरों पर नजर रखी जाती है।
  • त्रिपुरा: राज्य सरकार ने 27 जुलाई से 30 जुलाई तक पूरे राजय में लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है।
  • जम्मू कश्मीर: राज्य सरकार ने 6 दिन का लॉकडाउन शुक्रवार से ही पूरे राज्य में लागू कर दिया है। इस बीच जरूरी सुविधाओं के लिए लोगों को छूट मिलेगी जबकि बाजार, कार्यालय सबकुछ बंद रहेंगे।
  • मेघालय: राज्य सरकार ने 26 से 29 जुलाई तक टोटल लॉकडाउन का ऐलान किया है। शुक्रवार को ही इसका ऐलान कर दिया गया था।
  • छत्तीसगढ़: राज्य सरकार ने कई जिलों में 7 दिन का लॉकडाउन बुधवार से ही शुरू हो चुका है।
  • ओडिशा: राज्य सरकार ने 17 जुलाई से ही राज्य के 5 जिलों में 14 दिन का लॉकडाउन लागू कर दिया है।
  • नगालैंड: राज्य के कोहिमा शहर में 31 जुलाई तक टोटल लॉकडाउन का ऐलान किया गया है।

नागपुर में जनता कर्फ्यू
नागपुर नगर निगम कमिश्नर के आह्वान पर शनिवार और रविवार को यहां जनता कर्फ्यू लगाया गया है। उन्होंने कहा कि अगर लोग जनता कर्फ्यू का पालन नहीं करेंगे तो मजबूरन सख्ती से लॉकडाउन लागू करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *