
D.J.S News Dehradun : रुड़की शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया गया। युवती को रुड़की के एक उच्च शिक्षण संस्थान में फैलोशिप मिली है। आरोपी को भी दिल्ली में फैलोशिप मिली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिविल लाइंस पुलिस को दी तहरीर में युवती ने बताया कि 2016 में वह लखनऊ में एक संस्थान से पीएचडी कर रही थी। इसी संस्थान में सुनील यादव निवासी ग्राम इंदौली, मनखोली निकट मालीपुर चौराहा, बलिया यूपी भी पीएचडी कर रहा था। इस दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई।
युवती का कहना है कि युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और उसका यौन उत्पीड़न शुरू कर दिया। इस बीच युवती को रुड़की के एक उच्च शिक्षण संस्थान में फैलोशिप मिली। युवक को भी दिल्ली में फैलोशिप मिली। युवती का कहना है दिसंबर में युवक रुड़की आया। पिछले साल 28 दिसंबर को उसने शिक्षण संस्थान के एक गेस्ट हाउस में उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि जब उसने युवक से शादी करने को कहा तो मुकर गया। युवती का कहना है कि युवक के परिवार वालों को भी दोनों के रिश्ते के बारे में पता था और शादी की बात परिवार में भी हो चुकी थी। लेकिन अब आरोपी शादी से इनकार कर रहा है।