
देहरादून : पछुवादून में बुधवार को कुल सोलह कोरोना संक्रमित मरीज मिले। जिन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। जबकि संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
उप जिला चिकित्सालय की सहायक नोडल अधिकारी रितु जोशी ने बताया कि बुधवार को एटनबाग के एक ही परिवार के चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इससे पहले इसी परिवार के तेरह लोग एक साथ संक्रमित पाए गए थे। इसके साथ ही समरफील्ड स्कूल के पीछे रहने वाले एक ही परिवार के तीन लोगों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि डांडा जीवनगढ़ से एक ही परिवार के दो सदस्य, विकासनगर वार्ड तीन से एक और त्यूणी के एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हरिपुर-कालसी की दो शिक्षिकाओं में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। दूसरी ओर सहसपुर की नोडल अधिकारी डा. विनीता सयाना ने बताया कि प्रेमनगर से दो संक्रमित मरीज मिले हैं। सभी संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। दिन प्रतिदिन बढ़ रहे संक्रमण के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन चिंता व्यक्त कर रहा है। एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि संक्रमण फैलने का कारण लोगों की लापरवाही है।
