D.J.S News Dehradun : हल्द्वानी शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी गर्मी ने अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर लोगों को बेहाल किया। शनिवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रिकार्ड किया गया था। दोपहर बाद चले गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे।गर्मी से बचने के लिए कोई छाता लेकर चलता दिखा तो कोई ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते दिखा। बीते आठ साल में 27 अप्रैल सबसे अधिक गर्म दिन रहा। इधर, मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 28.0 और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। नैनीताल का अधिकतम पारा 27 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अल्मोड़ा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री, पिथौरागढ़ में 27 डिग्री, चंपावत में 31 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
रविवार को आसमान साफ रहेगा
पूर्वानुमान : राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि रविवार को आसमान साफ रहेगा और चटक धूप खिली रहेगी, जिसके चलते अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है।
27 अप्रैल का तापमान
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2011 32.0 20.1
2012 37.5 23.6
2013 35.5 18.4
2014 38.6 18.3
2015 30.0 20.0
2016 40.0 16.6
2017 37.6 19.4
2018 36.5 25.9
2019 40.5 18.9