हरिद्वार। जिले में भगवानपुर थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में एक कंपनी के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने से कंपनी कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने की सूचना तत्काल ही दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र के रायपुर स्थित एटेरो नाम की एक कंपनी है। बताया जा रहा है कि इस कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाया जाता है। शुक्रवार को कंपनी में सभी कर्मचारी काम कर रहे थे। तभी कंपनी के गोदाम में अचानक आग लग गई। जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, पहले तो कर्मचारियों ने गोदाम में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही तत्काल भगवानपुर, रुड़की, मंगलौर और लक्सर से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। इस दौरान घटनास्थल पर पुलिस भी मौजूद रही। दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने की वजह से गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाया जाता है। आग लगने का कारण वेल्डिंग की चिंगारी बताई जा रही है। हालांकि, वेल्डिंग मिस्त्री का कहना है कि वेल्डिंग की चिंगारी से आग नहीं लगी है। उसका कहना है कि आग लगने से पहले ही उन्होंने वहां से वेल्डिंग मशीन को हटा दिया था। उधर, कंपनी के जीएम का कहना है कि आग लगने की घटना वेल्डिंग की चिंगारी गिरने से हुई है। कंपनी जीएम का कहना है कि नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है।