
देहरादून : हरिद्वार कुंभ का समापन होने के बाद हरिद्वार से 55 कंपनियों समेत 2000 पीआरडी और 2000 होमगार्ड के वापसी के आदेश हो गए है। 55 कंपनियों में 30 पैरामिलिट्री और 25 कंपनियां पीएसी की शामिल हैं। पुलिसकर्मियों का हरिद्वार में ही आरटीपीसीआर टेस्ट किया जा रहा है। पुलिसकर्मी अपने जिलों में जाकर वहीं आइसोलेट रहेंगे।
कुंभ का अंतिम शाही स्नान चैत्र पूर्णिमा सपन्न होने के बाद अब पुलिसकर्मियों को वापसी शुरू हो गई है। 50 फीसदी पुलिसकर्मी 14 अप्रैल को संपन्न हुए मेष संक्रांति के स्नान के बाद ही लौट चुके थे। बुधवार को आईजी मेला संजय गुंज्याल ने 55 पीएसी कंपनियों के वापसी के आदेश कर दिए। इसमें एसएसबी, आइटीबीपी, बीएसएफ समेत अन्य पैरामिलिट्री की 30 कंपनियां थी। वहीं यूपी की 15 और उत्तराखंड की 20 कंपनियां वापस लौट जाएंगी। बुधवार शाम तक 800 पुलिसकर्मियों की जांच के बाद वापसी कर दी गई थी। इससे पहले 15 अप्रैल को निरीक्षक, 185 दरोगा, 22 महिला दरोगा, 111 मुख्य आरक्षी, 1134 आरक्षी, 548 महिला आरक्षी की वापसी हो चुकी थी। कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों की वापसी पुलिस लाइन मायापुर से हो रही है। कोई भी सीधे थाना या चौकी से वापसी नहीं कराएगा।

