
देहरादून : (नैनीताल ) मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जनपद नैनीताल और उधमसिंह नगर के लिये की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बीते रोज सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से की गई इस समीक्षा बैठक के जरिए उन्होंने अपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि यूटिलिटी शिफ्टिंग के कारण सड़कों के निर्माण में विलम्ब न हो, इसके लिये प्रभावी कार्यवाही की जाय। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिये कि जन समस्याओं के समाधान और जन सुविधाओं के विकास में विभागीय अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। मुख्यमंत्री ने नैनीताल में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण, हेलीपैड निर्माण, ऑडिटोरियम के निर्माण में तेजी लाने के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने रूद्रपुर में ट्रेचिंग ग्राउण्ड के निर्माण सहित अन्य क्षेत्रों का मास्टर प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिये।

