
देहरादून: उत्तराखंड के नवनियुक्त ऊर्जा मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने राज्य वासियों को 100 यूनिट तक बिजली फ्री देने की घोषणा की है। जबकि 200 यूनिट तक बिजली बिल पर 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इसके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा किसान, पशुपालकों, डेयरी उद्योग से जुड़े लोगों को कमर्शियल रेट की जगह घरेलू दरों से बिजली दी जाएगी। हरक सिंह रावत ने बताया कि कोरोना के कारण बिजली बिल का देरी से भुगतान करने वालों से सरचार्ज नहीं वसूला जाएगा। राज्य सरकार 31 अक्तूबर तक सरचार्ज माफ करेगी। इस पर भी आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा।

