उधमसिंह नगर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार टैक्सी कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवकों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस तथा 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी।
अस्पताल में दोनों युवकों ने तोड़ा दम
घायलों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
फिलहाल पुलिस दोनों मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
कार चालक मौके से फरार
हादसे के बाद टैक्सी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सीएनजी से संचालित थी और प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण यही माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

