उत्तराखंड: डंपर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक ने तोड़ा दम.. महिला अस्पताल में भर्ती

हल्द्वानी: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालाढूंगी के निकट गेबुआ क्षेत्र में डंपर और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक पर सवार महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे पदमपुर डोलिया निवासी कमलेश आर्य (32) अपने साथ बसंती थापा को बाइक से लेकर कालाढूंगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को रामनगर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने कमलेश आर्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि बसंती थापा का उपचार जारी है।

टेंट की दुकान में करता था काम

पुलिस के अनुसार, मृतक कमलेश आर्य अपने भाई की टेंट की दुकान में कार्य करता था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *