देहरादून: पटेलनगर में युवक के साथ बर्बरता! स्कूटी से टक्कर मारी, करंट दिया.. जी नहीं भरा तो गर्म रॉड से दागा

देहरादून: राजधानी देहरादून में अपराध से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पटेलनगर थाना क्षेत्र के लालपुल के पास एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसे पहले स्कूटी से टक्कर मारी गई और बाद में कथित रूप से बंधक बनाकर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, जाखन निवासी युवक 3 जुलाई की शाम लालपुल के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद स्कूटी चालक और उसके साथी ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और उसे दांतों से भी काटा।

करंट देने और गर्म रॉड से दागने का आरोप

शिकायत में युवक ने आरोप लगाया है कि दोनों आरोपी उसे जबरन निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित एक दुकान में ले गए, जहां उसके साथ कथित रूप से करंट लगाया गया और गर्म लोहे की रॉड से दागा गया। पीड़ित के अनुसार उसके हाथ, पैर, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कुछ समय तक बंधक बनाकर रखा।

किसी तरह बचकर निकला, अस्पताल में भर्ती

युवक का कहना है कि वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रहा। इसके बाद उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने उसे तत्काल दून अस्पताल में भर्ती कराया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पटेलनगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जांच जारी, गिरफ्तारी के प्रयास तेज

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *