
देहरादून: अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत पर दून में भी खुशी मनाई गई। पार्टी की उत्तराखंड शाखा और उत्तराखंड बंगाली सभा ने ममता बनर्जी को जीत के लिए बधाई दी है। उत्तराखंड बंगाली महासभा व डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय निर्माण संघ के प्रदेश अध्यक्ष अधीर मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जीत पर कहा कि बंगाल की जनता ने भाजपा को नकार दिया है।
वहीं पार्टी के राज्य संयोजक राकेश पंत ने कहा कि लगातार तीसरी बार बंगाल की जनता ने टीएमसी को पूर्ण बहुमत देकर देश को सांप्रदायिक राजनीति को नकारने का स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, ईडी, सीबीआइ, भाजपा के 11 राज्यों के मुख्यमंत्री भी ममता बनर्जी की लोकप्रियता के सामने बंगाल की खाड़ी में समा गए। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण सचान ने भी बंगाल में टीएमसी की जीत पर ममता बनर्जी को बधाई दी है।

