हल्द्वानी: सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर खुद को भारतीय सेना का अधिकारी बताने का मामला सामने आया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस को जानकारी मिली थी कि रोहित सिंह मेहता नाम का युवक सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सेना की वर्दी में तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा है। जांच के दौरान युवक के भारतीय सेना में अधिकारी होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद मामले की जानकारी नैनीताल पुलिस को दी गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नैनीताल के एसएसपी ने एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन और उनकी टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। लोकेशन हल्द्वानी में मिली, जहां पता चला कि रोहित सिंह मेहता बिरला ओपस पेंट के गोदाम में काम करता है। इसके बाद एसओजी ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
AI की मदद से तैयार की सेना की वर्दी वाली तस्वीरें
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें हासिल की थीं। इसके बाद AI की मदद से मॉर्फ्ड तस्वीरें तैयार कीं और उनमें खुद को सेना के अधिकारी के रूप में दिखाया। आरोप है कि उसने इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर अपनी फर्जी पहचान को प्रदर्शित किया।
फॉलोइंग बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने का था मकसद
पुलिस पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर बताया कि वह सोशल मीडिया पर अपनी फॉलोइंग बढ़ाना और युवतियों को प्रभावित करना चाहता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी फोटो और वीडियो के जरिए महिलाओं को आकर्षित करता था। इसी उद्देश्य से उसने खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट कीं।
दो मोबाइल समेत ये सामान हुआ बरामद
एसओजी ने आरोपी के कब्जे से कई सामान बरामद किए हैं। इनमें दो स्मार्ट मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो और वीडियो और फर्जी प्रतीत होने वाला आर्मी आईडी कार्ड शामिल हैं। बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस ने मामले की आगे जांच शुरू कर दी है।
BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज, आरोपी जेल भेजा
नैनीताल पुलिस ने भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण करने, फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी के आरोप में हल्द्वानी कोतवाली में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।
नैनीताल की एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने बताया कि मिलिट्री इंटेलिजेंस की ओर से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर पैरा कमांडो की फोटो अपलोड कर रहा है। पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस के समन्वय से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। एसएसपी के अनुसार, आरोपी फर्जी फोटो और वीडियो के माध्यम से महिलाओं को आकर्षित करता था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

