
देहरादून: (गोपेश्वर ) कोरोना माहमारी के बीच हो रहे टोक्यो ओलम्पिक खेलों के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। जिसके माध्यम से ओलंपिक मे प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी जा रही है। इस सेल्फी प्वाइंट का शुभारंभ चमोली जिले के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी कांस्य पदक विजेता धावक परमजीत सिंह और राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी मानसी नेगी व आदित्य नेगी ने किया। टोक्यो में इस वर्ष 32 वें ओलम्पिक खेलों का शुभारम्भ 23 जुलाई, 2021 से 8 अगस्त, 2021 तक प्रस्तावित है। जिसमें प्रतिभाग करने वाले भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रर्दशन की शुभकामनाएं जनपद चमोली के अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय तथा जनपद स्तरीय खिलाड़ियों द्वारा सेल्फी प्वाइंट में अपनी सेल्फी लेकर दी जा रही है। जिला क्रीड़ा अधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा ओलम्पिक खेलों से संबंधित क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। वहीं, भारतीय खिलाडियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामनाओं के लिए खेल विभाग ने सभी से अपील की है कि वे स्पोटर्स स्टेडियम गोपेश्वर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट में सेल्फी लेकर खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं देें।

