
देहरादून: राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कुमाऊं विश्वविद्यालय में स्थापित डॉ. राधाकृष्णन और डॉ. राजेन्द्र प्रसाद लॉ कॉलेज मूट कोर्ट का लोकापर्ण किया। राज्यपाल ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और अकादमिक उपलब्धियों के लिए किये जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कोरोना संकट के बीच विश्वविद्यालय का कार्य चुनौतियों से भरा रहा। राज्यपाल ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद लॉ इंस्टीयूट के एलएलएम कोर्स और इंटीग्रेटेड बीए-एलएलबी कोर्स के लिए बीसीआई की टीम के निरीक्षण को छात्रहित में जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में विश्वविद्यालय ने डिजिटाइजेशन की दिशा में कदम बढ़ाया है। इससे अकादमिक और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता आयेगी। इस अवसर पर कुलपति प्रो. एनके जोशी ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा नेशनल इंस्टीटूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क में स्थान बनाने के लिए भी प्रयास किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट और कॉउंसलिंग सेल का पुनर्गठन किया गया है। साथ ही इनोवेशन और इन्क्यूबेशन सेंटर भी बनाए गए हैं।

