देहरादून। भाजपा ने प्रदेश संगठनात्मक कार्यशाला के साथ मिशन 2027 की तैयारी का बिगुल बजा दिया है। कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा मौजूद रहे। नए प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष भी इस अहम बैठक में शामिल हुए।बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह संगठन की पहली कार्यशाला है और अब संगठन का विस्तार बूथ स्तर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथ ही विजय का मुख्य केंद्र है, इसलिए बूथ स्तर पर समन्वय और प्रबंधन को मजबूत करना कार्यशाला का प्रमुख एजेंडा है। भट्ट ने बताया कि पंचायत, नगर निगम और अन्य स्थानीय चुनावों में भी कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं और 2027 में भाजपा की जीत सुनिश्चित करें ।