देहरादून: (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) उत्तरकाशी प्रदेश में बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उत्तरकाशी में भारी बारिश से गंगोत्री नेशनल हाईवे जगह-जगह बाधित हो गया। इसके अलावा भी कई अन्य सड़कें आवागमन के लिए बाधित हो गई हैं। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। जिले में भूस्खलन से मकान और मवेशियों को नुकसान की भी सूचना है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई घरों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है। गंगोत्री में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी का कहना है कि सड़क खोलने का काम लगातार जारी है। चमोली जिले में कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे समेत ग्रामीण क्षेत्रो को जोड़ने वाले लिंक मार्ग लगातार बाधित हो रहे हैं। बद्रीनाथ हाईवे पर डेंजर जोन्स पर एन.डी.आर.एफ औऱ एस.डी.आर.एफ़ की तैनाती की गई है ताकि आपदा के समय यात्रियो की जानमाल की सुरक्षा हो सके। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि बंद मार्गों को खोलने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। उधर पिथौरागढ़ जिले में भी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश से कई सड़कें बंद हैं। साथ ही मकानों को नुकसान पहुंचा है। मूसलाधार बारिश से पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से चंडाक को जोड़ने वाली सड़क निर्माणाधीन जेल के पास भारी मलबा आने से बंद हो गयी, जिससे लंबा जाम लग गया। ज़िला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि कुछ सड़कों को आज शाम तक खोल दिया जाएगा। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। इस बीच उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने पर्यटकों से पानी वाली जगहों में जाने से बचने की अपील की है। साथ ही मानसून में उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पानी वाले पर्यटन स्थलों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगस्त के शुरूआत के दिनों में भी प्रदेश के कुछ पहाड़ी अंचलो में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कियाहै। इस बीच देहरादून जिला पर्यटन अधिकारी जसपाल सिंह चौहान बताया कि लगातार हो रही बारिश से सहस्त्रधारा, गुच्चूपानी और मालदेवता में जलस्तर बढ़ने से खतरा बना हुआ है। उन्होने पर्यटकों से अपील की है कि इन स्थानों पर जाने से पहले सुरक्षा के तमाम इंतजाम कर पूरी जानकारी प्राप्त कर लें।
Related Posts
February 18, 2026
0
डर से आस्था को वापस पाना
December 4, 2025
0

