सिटी मजिस्ट्रेट के द्वारा सीएम को भेजा ज्ञापन, कहा पहाड़ में अतिक्रमण के नाम पर लोगों को उजाड़ना बंद करे सरकार

देहरादून, (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) पर्वत जन फाउंडेशन के संयोजक शिव प्रसाद सेमवाल ने आज सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया। उन्होने कहा कि पूरे उत्तराखण्ड में हाइकोर्ट के एक आदेश की आड़ में पहाड़ में जो सदियों से पुश्तैनी रोजगार व व्यवसाय कर रहे हैं उनको अतिक्रमण हटाने की आड़ में हटाया जा रहा है। जिसको लेकर पूरे पहाड़ के लोगों में आक्रोश है। कहा कि सरकार दोहरा रवैया अपना रही है, एक ओर तो देहरादून में जो नदी, नाले कब्जा रहे हैं उनपर जब हाइकोर्ट का आदेश आता है तो केवल वोट बैंक के कारण उनके लिए अध्यादेश लाकर उन्हें बचाया जा रहा है वहीं दूसरी ओर पहाड़ पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले से ही पहाड़ से पलायन लगातार हो रहा है ऐसे में जो लोग वहां व्यापार कर रहे हैं उनको आप उजाड़ रहे हैं। ऐसे में वह भी पलायन करने को मजबूर हो जायेंगे। इसलिए हमारा सरकार से अनुरोध है कि सरकार पहाड़ के लिए भी ऐसा एक अध्यादेश लेकर आए और इनको बचाया जाए। क्योंकि बड़ी मुश्किल से लोग विषम परिस्थितियों में भी वहां टिके हुए हैं और भूस्खलन, आपदा की मार झेल रहे हैं। और उपर से बचे कुचे लोगों को भी आप अतिक्रमण के नाम पर उजाड़ दोगे तो लोग और अधिक पलायन करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन दुकानों को सरकार ने तोड़ा है उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए अन्यथा पूरे प्रदेश में एक जनआंदोलन चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *