देहरादून, (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) जल जीवन मिशन में भुगतान में हो रही देरी और बिना भुगतान के काम पूरा करने का दबाव बनाए जाने के खिलाफ देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।
अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि जल जीवन मिशन के काम में ठेकेदारों का करीब दो हजार करोड़ का भुगतान किया जाना है। बिना बजट भुगतान के ही ठेकेदारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट और सामाजिक कार्य के लिहाज से 80 से लेकर 95 प्रतिशत तक काम पूरे कर दिए हैं। इसके बाद भी समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है।
महासचिव सुनील गुप्ता ने कहा कि इससे आगे काम पूरा करने में दिक्कत पेश आ रही है। उपाध्यक्ष सचिन मित्तल ने कहा कि योजना का काम मार्च 2024 तक पूरा किया जाना था, लेकिन कई कारणों से योजना का काम समय पर पूरा नहीं हो पाया। उन्होंने भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।


