हरिद्वार: कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, कीमत कई गुना अधिक.. STF ने दबोचा ड्रग रैकेट

हरिद्वार: उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का संबंध एसटीएफ द्वारा पहले पकड़े गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल बरामदगी मामले से भी जुड़ा पाया गया है।

छापेमारी के दौरान एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से वाणिज्यिक मात्रा में करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। बरामद दवाओं को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसटीएफ के अनुसार मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत ड्रग इंस्पेक्टर के साथ कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध ठिकानों और गोदामों पर संयुक्त छापेमारी की गई।

कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार

छापेमारी के दौरान एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर से संचालक अहतशाम उल हक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान दुकान और आरोपी के अन्य संभावित ठिकानों से भी प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार आरोपी कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *