देहरादून: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन विभाग ने वाहन चालकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने पांच ऐसी सामान्य गलतियों से बचने की सलाह दी है, जो गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हाल के दिनों में कई गंभीर सड़क हादसे सामने आने के बाद उत्तराखंड परिवहन विभाग ने वाहन चालकों के लिए विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। विभाग का कहना है कि अधिकांश दुर्घटनाएं ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण होती हैं। उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर यात्रा शुरू करने से पहले चालक अपने एंट्री और एग्जिट पॉइंट की पहले से योजना बना लें, ताकि बीच रास्ते में जोखिम भरे निर्णय लेने की नौबत न आए।
इन 5 गलतियों से बचें, वरना हो सकता है बड़ा हादसा
1. बीच रास्ते में वाहन न रोकें:- एक्सप्रेसवे पर बिना वजह गाड़ी रोकना, यू-टर्न लेना, रिवर्स चलना या गलत दिशा में वाहन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है।
2. तय गति सीमा का पालन करें :- कारों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। गति सीमा का उल्लंघन करने पर कैमरों के जरिए चालान किया जा रहा है।
3. राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में सावधानी रखें: – राजाजी नेशनल पार्क के आसपास अनावश्यक हॉर्न न बजाएं। रात के समय वन्यजीव सड़क पर आ सकते हैं, इसलिए वाहन धीमी गति से और सतर्कता के साथ चलाएं।
4. आशारोड़ी ढाल और डाटकाली टनल में अतिरिक्त सतर्क रहें :- देहरादून प्रवेश के दौरान आशारोड़ी की तीखी ढाल और डाटकाली मंदिर के पास स्थित टनल में वाहन की हेडलाइट चालू रखें तथा नियंत्रित गति से वाहन चलाएं।
5. यात्रा से पहले वाहन की जांच जरूर करें : – लंबी यात्रा पर निकलने से पहले गाड़ी की सर्विस, टायरों की स्थिति, सही एयर प्रेशर और पर्याप्त ईंधन की जांच कर लें। विभाग ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर अभी पेट्रोल पंप और गैराज जैसी सुविधाएं पूरी तरह विकसित नहीं हुई हैं।
हालिया हादसे के बाद बढ़ी चिंता
बीते दिनों सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई फीट ऊपर उछल गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।
परिवहन विभाग की अपील
परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और एक्सप्रेसवे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। सुरक्षित ड्राइविंग न केवल आपकी बल्कि अन्य यात्रियों की भी जान बचा सकती है।

