उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, 100 से ज्यादा सड़कें बंद… आज भी इन 7 जिलों में येलो अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। देहरादून मौसम केंद्र ने आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के साथ उधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। पर्वतीय इलाकों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। इन परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

देहरादून में शाम और रात को बारिश के आसार

राजधानी देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि शाम और रात के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

भूस्खलन से बढ़ी लोगों की परेशानी

उत्तराखंड में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। भारी बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में कई संपर्क मार्ग मलबा और बोल्डर आने से बाधित हो गए हैं। कई सड़कों पर भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित है, जिसके चलते लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। बारिश के कारण नदी-नाले भी उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

100 से ज्यादा सड़कें बाधित

प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई हिस्सों में आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है। वर्तमान में 100 से अधिक सड़कें बाधित बताई जा रही हैं। आंकड़ों के अनुसार 21 जून से 12 अगस्त 2026 तक सड़क नेटवर्क को बारिश और आपदा से करीब 211.10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मानसून सीजन में प्रदेश में स्टेट हाईवे की 135, विलेज मार्ग की 1575, मुख्य जिला मार्ग की 112, राष्ट्रीय राजमार्ग की 30 और अन्य जिला मार्ग की 114 सड़कें बाधित हुई हैं। इसके अलावा गांवों को जोड़ने वाली 17 और अन्य 14 सड़कें भी प्रभावित हुई हैं।
प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से बाधित मार्गों को खोलने का काम किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ समय तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *