उत्तराखंड-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, लाखों की नकली करेंसी जब्त.. 136 तस्कर गिरफ्तार

अल्मोड़ा: सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल और भारत-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ देश की आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, चुनाव ड्यूटी और आपदा राहत जैसे कार्यों में भी अहम भूमिका निभा रहा है। सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए एसएसबी की ओर से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

एसएसबी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों को नाकाम करते हुए 54.74 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा जब्त की है। इसके अलावा 8.09 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा भी बरामद की गई है। सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों और तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियानों में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मानव तस्करी के 52 पीड़ित मुक्त

मानव तस्करी के खिलाफ भी एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई की है। बल के जवानों ने अब तक 52 मानव तस्करी पीड़ितों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। आईजी एसएसबी अमित कुमार के अनुसार, भारत-नेपाल और भूटान सीमा पर मानव तस्करी से जुड़े 45 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं कार्रवाई के दौरान मानव तस्करी में शामिल आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

136 तस्कर गिरफ्तार, 41.87 किलो ड्रग्स बरामद

एसएसबी की कार्रवाई में अब तक 136 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा अलग-अलग अभियानों में 41.87 किलोग्राम मादक पदार्थ भी जब्त किया गया है। आईजी के अनुसार, सीमांत मुख्यालय की टीमों ने कुल 116 मामलों में कार्रवाई करते हुए नकली भारतीय और विदेशी मुद्रा समेत विभिन्न अवैध सामान बरामद किए हैं।

सीमा सुरक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी

एसएसबी सिर्फ सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियों में भी भागीदारी निभा रहा है। सुदूर सीमावर्ती इलाकों में मानव और पशु चिकित्सा शिविर, कौशल विकास कार्यक्रम और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों से जोड़ना भी है।

18 अधिकारियों और जवानों को सम्मान

उत्कृष्ट सेवा, प्रदर्शन और कर्तव्यपरायणता के लिए सीमांत मुख्यालय के 18 अधिकारियों और कार्मिकों को महानिदेशक गोल्डन एवं सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा 11 अधिकारियों और कार्मिकों को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

आईजी अमित कुमार ने गिनाईं उपलब्धियां

ये जानकारी सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में रविवार शाम आयोजित प्रेसवार्ता में आईजी एसएसबी अमित कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि एसएसबी भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा की सुरक्षा के साथ देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। एसएसबी के मुताबिक सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नकली मुद्रा और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *