
देहरादून: कोविड-19 संक्रमण की दूसरी लहर के बाद से कोविड टीकाकरण अभियान की रफ्तार तेज होती नजर आ रही है। जनपद उधम सिंह नगर में 45 वर्ष से ऊपर के 2 लाख 18 हजार 600 लोगों का टीकाकरण हो चुका है, जिसमें 63 हजार लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। वहीं 18 से 44 वर्ष तक के 1 लाख 98 हजार 900 से अधिक लोगों को पहली डोज लग चुकी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेंद्र सिंह पंचपाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों से दूर रहें और ज्यादा से ज्यादा संख्या में कोरोना टीकाकरण कराएं। टीकाकरण कराने आए राकेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर में कई लोगों ने अपनों को खोया है। आगे ऐसी स्थिति न हो इसके लिए टीकाकरण आवश्यक है।छात्र नवकरण सिंह का कहना है टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में फैलाई जा रही भ्रांतियां सरासर गलत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में वह टीकाकरण कराएं।

