देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं और बीच में पढ़ाई छोड़ चुके युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर उपलब्ध कराया है। कौशल विकास विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के तहत युवाओं को निशुल्क तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें उद्योगों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
इस योजना के तहत विशेष रूप से ऐसे युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी जो बेरोजगार हैं या किसी कारणवश अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ चुके हैं। युवाओं को रोजगारपरक स्किल डेवलपमेंट कोर्सों में प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में आसानी से नौकरी प्राप्त कर सकें। योजना के पहले चरण में उत्तराखंड के सात जिलों के युवाओं को शामिल किया गया है। जिनमें देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, चमोली और नई टिहरी जिले शामिल हैं। इन सात जिलों के पात्र युवा योजना के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए भी सुनहरा अवसर
योजना के अंतर्गत 10वीं और 12वीं पास युवाओं को भी प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए 15 वर्ष से 45 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण की अवधि 3 से 4 महीने निर्धारित की गई है, जिसमें उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल सिखाया जाएगा।
ऑनलाइन करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी कौशल विकास विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
आवेदन के लिए: https://uksds.uk.gov.in/CandidateRegistration/
विभाग की आधिकारिक वेबसाइट: https://uksds.uk.gov.in/
टोल फ्री हेल्पलाइन: 18008902414
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
कौशल विकास विभाग का मानना है कि केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल भी रोजगार के लिए जरूरी है। इसी उद्देश्य से युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण देकर उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा, जिससे राज्य में रोजगार और स्वरोजगार दोनों को बढ़ावा मिल सके।

