देहरादून कैंट विधानसभा के प्रेम नगर क्षेत्र में टी स्टेट से लगते क्षेत्र की समस्याओं का होगा समाधान: जोगेंद्र पुंडीर

देहरा दून: कैंट विधानसभा के प्रेम नगर क्षेत्र में टी स्टेट से सटे आवासीय इलाकों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में टी स्टेट प्रबंधन, कैंटोनमेंट बोर्ड के प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान रिहायशी इलाकों की सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। स्थानीय लोगों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए टी स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा ने टी स्टेट से लगी जमीन पर नियमित साफ-सफाई कराने, आवश्यकतानुसार बाउंड्री वॉल व तारबाड़ (फेंसिंग) का निर्माण कराने तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने के आग्रह को सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने इन सभी कार्यों को अतिशीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।

साथ ही, क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए स्थानीय निवासियों ने भी पूर्ण सहयोग देने की बात कही। सड़कों के किनारे या टी स्टेट के आसपास कूड़ा न फेंकने और कचरा प्रबंधन के लिए एक समिति (कमेटी) का गठन करने पर सहमति बनी। इसके अलावा, कैंटोनमेंट बोर्ड व स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सुरक्षा के लिहाज से चिन्हित स्थानों पर पथ-प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) और सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद पंवार, टी स्टेट के सिक्योरिटी अफसर सूरज थापा, खिलाफ सिंह बिष्ट, हीरा सिंह गोसाईं, सुरेंद्र राठौर, राजेश सेन, सुप्रिया डोभाल सहित कई अन्य गणमान्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *