देहरादून में महाराष्ट्र समाज सेवा समिति का 74वां सार्वजनिक गणेशोत्सव शुरू, जानें पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा

  

देहरादून: महाराष्ट्र समाज सेवा समिति, देहरादून की ओर से इस वर्ष भी कौलागढ़ रोड, किशन नगर स्थित ललित पैलेस में सार्वजनिक गणेशोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पिछले सात दशकों से लगातार उत्सव का आयोजन कर रही समिति का यह 74वां वर्ष है। समिति की ओर से आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

समिति के अनुसार, 14 सितंबर को शाम के समय विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की स्थापना एवं पूजन कर गणेशोत्सव का शुभारंभ किया गया। उत्सव के दौरान प्रतिदिन विविध धार्मिक और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा:

  • 15 सितंबर: समिति की महिला सदस्यों द्वारा महाराष्ट्र की स्त्री संतों के जीवन पर आधारित एक विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।

  • 16 सितंबर: ‘नृत्य संध्या’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

  • 17 सितंबर: श्री विठ्ठल वारकरी पीठ, ऋषिकेश के कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा।

  • 18 सितंबर: सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत मंडल के सदस्य एकल अभिनय और गायन की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे।

  • 19 सितंबर: समिति की स्मरणिका का विमोचन पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण/सी.आई.डी.) श्री अनंत शंकर ताकवले (भा.पु.से.) द्वारा किया जाएगा। इसी दिन नासिक की प्रसिद्ध कलाकार श्रीमती मुग्धा लेले ‘सफरनामा – साहिर लुधियानवी की संगीतमय जीवनी’ पर आधारित विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।

  • 20 सितंबर: उत्सव के अंतिम दिन श्री गणपति अथर्वशीर्ष पठन, बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम तथा महाप्रसाद का वितरण होगा। इसके बाद ‘गणपति बाप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *