राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027: 10 से 12 जनवरी तक नई दिल्ली में सजेगा ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ का मंच

 देहरादून: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने स्वामी विवेकानंद की जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027’ की आधिकारिक रूपरेखा जारी कर दी है। राष्ट्रीय युवा महोत्सव के इस भव्य राष्ट्रीय संस्करण का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 के दौरान नई दिल्ली में किया जाएगा।  मामले की जानकारी देते हुए मेरा युवा भारत, उत्तराखंड के राज्य निदेशक राहुल डबराल ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को ‘विकसित भारत @2047’ के विजन से सीधे जोड़ना और उनके क्रांतिकारी विचारों को नीति-निर्माण का हिस्सा बनाना है।

कार्यक्रम के प्रमुख बिंदु और संरचना:

  • पात्रता: 17 अगस्त 2026 तक 15 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के युवा इस कार्यक्रम के विभिन्न ट्रैक्स में भाग लेने के पात्र हैं।

  • ऑनलाइन पंजीकरण: सभी पंजीकरण, क्विज़ और निबंध प्रतियोगिताएं ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) पोर्टल (mybharat.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की जाएंगी।

  • छह प्रमुख ट्रैक्स: VBYLD 2027 में 6 प्रमुख ट्रैक्स शामिल किए गए हैं—विकसित भारत चैलेंज, कल्चरल ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज, और यूथ पार्लियामेंट। इस वर्ष यूथ पार्लियामेंट को भी VBYLD के साथ एकीकृत किया गया है।

  • 10 क्षेत्रीय क्लस्टर: विकसित भारत चैलेंज ट्रैक को पूरे देश के लिए 10 रीजनल क्लस्टर्स में विभाजित किया गया है, ताकि विभिन्न राज्यों की विशिष्ट प्राथमिकताओं और समस्याओं के आधार पर सटीक समाधान तैयार किए जा सकें।

पारदर्शी त्रि-स्तरीय चयन प्रक्रिया: प्रतियोगिता का चयन पूरी तरह से पारदर्शी और तीन चरणों में सम्पन्न होगा। प्रतिभागियों का चयन जिला, राज्य और अंत में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *