महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना की समीक्षा की

देहरादून: (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना की समीक्षा की। सचिवालय में आयोजित इस बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु भी उपस्थित थे। बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 1 मार्च, 2020 से 31 मार्च, 2022 तक कोविड महामारी और अन्य बीमारियों से माता, पिता या संरक्षक की मृत्यु या माता-पिता में से कमाऊ सदस्य की मृत्यु के कारण जन्म से 21 वर्ष तक के प्रभावित बच्चों की देखभाल, पुनर्वास, चल अचल सम्पत्ति, उत्तराधिकारों और विधिक अधिकारों के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना लागू की गयी है। इस योजना में आच्छादित बच्चों को 3 हजार रूपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता 1 जुलाई, 2021 से 21 वर्ष की आयु तक अनुमन्य की गयी है। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना से सम्बन्धित सभी विभागों को जी.ओ शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड से अनाथ हुए बच्चों को जल्द से जल्द योजनाओं का लाभ मिले यह राज्य सरकार की प्राथमिकता है। श्रीमती आर्या ने कहा कि कोरोना काल में बच्चों के माता-पिता या संरक्षक के चले जाने की भरपाई करना संभव नहीं है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा इन बच्चों को एक अभिभावक की तरह संरक्षण दिया जायेगा। इस दौरान मुख्य सचिव ने चिन्हित लाभार्थियों का शीघ्र सत्यापन किए जाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *