पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद लोगों में आक्रोश है। खंडाह क्षेत्र के तरुली-बछेली गांव में हुई इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने श्रीनगर-पौड़ी-कोटद्वार हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को उसके आतंक से राहत मिल सके।
ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में गुलदार लगातार सक्रिय है और हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बताया गया कि एक वार्ड में गुलदार के हमले की छह से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें यह तीसरी मौत है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों को अपने रोजमर्रा के कामों के लिए भी सतर्क रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार के खतरे से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

