ब्राउनवुड पब्लिक स्कूल में लगा करियर मेला, 15 विश्वविद्यालयों ने दी जानकारी
कक्षा 11वीं-12वीं के 200 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, कोर्स, फीस
छात्रवृत्ति और प्लेसमेंट से जुड़े सवालों के मिले जवाब
देहरादून। ब्राउनवुड पब्लिक स्कूल, में शुक्रवार को मायूनिमेंटर की ओर से ‘स्कूल करियर गाइडेंस समिट 2026-27’ का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 15 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया। समिट में कक्षा 11वीं और 12वीं के 200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर उच्च शिक्षा और करियर से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को अलग-अलग पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, फीस, छात्रवृत्ति, हॉस्टल सुविधाओं और प्लेसमेंट के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य के करियर और उच्च शिक्षा के विकल्पों को समझने में मदद करना था।
समिट के पहले सत्र में 40 मिनट तक विद्यार्थियों को स्ट्रीम और कोर्स के चयन, प्रवेश परीक्षाओं की समय-सारणी तथा दाखिले और प्लेसमेंट की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालयों के स्टॉल पर जाकर प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
मायूनिमेंटर के संस्थापक ओम गर्ग ने कहा कि 12वीं के अधिकांश विद्यार्थियों में मेहनत की कमी नहीं होती, बल्कि उन्हें सही मार्गदर्शन और अपने सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाते। कौन-सा कोर्स चुनें, किस प्रवेश परीक्षा की तैयारी करें, किस शहर में पढ़ाई करें और डिग्री के बाद रोजगार की क्या संभावनाएं हैं, ऐसे कई सवाल विद्यार्थियों के सामने रहते हैं। इस समिट के माध्यम से उन्हें सीधे विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विद्यार्थी को एक ‘करियर कार्ड’ भी दिया गया। कार्ड पूरा भरकर अपना नाम दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को मायूनिमेंटर की ओर से निःशुल्क व्यक्तिगत करियर काउंसलिंग सत्र का अवसर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त ‘करियर बज़र’ नाम से रैपिड-फायर करियर क्विज आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न वर्गों के श्रेष्ठ प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
आयोजकों के अनुसार, अक्टूबर में देहरादून और सहारनपुर के कुल 11 स्कूलों में इस समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से 2,050 से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।



