
देहरादून: (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से सामरिक महत्व को देखते हुए टनकपुर-बागेश्वर रेल लाईन ब्राडगेज की स्वीकृति के लिये रक्षा मंत्रालय के स्तर से भी संस्तुति करने का अनुरोध किया। दरअसल चीन और नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित होने के कारण यह रेल लाईन सामरिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। साथ ही यह नये व्यापार केन्द्रों को भी जोड़ेगी। वहीं मुख्यमंत्री ने जखोली, रुद्रप्रयाग में स्वीकृत सैनिक स्कूल की अवस्थापना सुविधाओं के लिए एमओयू में संशोधन करते हुए केन्द्रीय सहायता का भी अनुरोध किया। इसके लिए रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और उत्तराखण्ड राज्य के मध्य एमओयू किया गया था।

