उफनती नदी में फंसे 50 से अधिक श्रद्धालुओं का रेस्क्यू, श्री रीठा साहिब गुरुद्वारा के जोड़ मेले में बड़ा हादसा टला

उत्तराखंड: चम्पावत, जनपद चम्पावत स्थित ऐतिहासिक श्री रीठा साहिब गुरुद्वारा में आयोजित जोड़ मेले में एक बड़ा हादसा टल गया। मेले में स्नान करने गए 50 से अधिक श्रद्धालु उफनती नदी के बीच फंसे गए जिन्हें तत्परता
दिखाते हुए एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल कर उनकी जान बचाई।
रविवार को लदिया एवं रतिया नदियों के संगम क्षेत्र स्थित कुंड में बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान कर गुरुद्वारा साहिब के दर्शन हेतु आवागमन कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में हुई वर्षा के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे लगभग 50 से 60 श्रद्धालु नदी के मध्य फंस गए। बढ़ते जलस्तर के कारण नदी क्षेत्र में खड़े कई वाहन भी पानी में फंस गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जोड़ मेले में तैनात एसडीआरएफ टीम उप निरीक्षक दीपक सामंत के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया। तेज बहाव, लगातार बढ़ते जलस्तर एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने साहस, धैर्य एवं उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित नदी पार कराया। इसके अलावा नदी क्षेत्र में फंसे वाहनों को भी सुरक्षित निकाला गया।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस को दी गई जिसके उपरांत दोनों ओर बैरियर लगाकर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई तथा अन्य श्रद्धालुओं को नदी क्षेत्र की ओर जाने से रोका गया। सेनानायक एसडीआरएफ उत्तराखण्ड अर्पण यदुवंशी ने टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भीड़भाड़ एवं मौसम की संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए की गई अग्रिम तैनाती का उद्देश्य ही ऐसी आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था। उन्होंने ‌‌प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत सभी एसडीआरएफ इकाइयों को उच्च सतर्कता बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *