देहरादून/मैक्लोडगंज पद्मश्री प्रोफेसर डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह संजय, प्रख्यात सर्जन, एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष, लेखक, कवि, स्तंभकार, समाजसेवी, प्रेरक वक्ता एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियानकर्ता को मैक्लोडगंज स्थित परम पावन दलाई लामा जी के शांतिपूर्ण निवास पर उनसे भेंट एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का दुर्लभ सौभाग्य प्राप्त हुआ।
मैक्लोडगंज के शांत, आध्यात्मिक एवं सौम्य वातावरण में सम्पन्न इस आत्मीय भेंट के दौरान परम पावन दलाई लामा जी ने डॉ. संजय को शल्य एवं गैर-शल्य चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से मानवता की सेवा, सामाजिक जागरूकता तथा जनकल्याणकारी कार्यों के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
डॉ. संजय ने इस अवसर पर सड़क सुरक्षा, साहित्य एवं चिकित्सा अनुभवों से संबंधित अपनी स्वरचित पुस्तकों को सम्मान एवं श्रद्धा स्वरूप भेंट किया। उन्होंने विश्वभर में परम पावन दलाई लामा जी द्वारा दिए जा रहे करुणा, शांति एवं विश्व बंधुत्व के संदेश के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।
भेंट के उपरांत डॉ. संजय ने कहा कि परम पावन दलाई लामा जी से प्राप्त आशीर्वाद उनके जीवन के सबसे प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक रूप से समृद्ध क्षणों में से एक है। उन्होंने समाज सेवा, स्वास्थ्य सेवा, सड़क सुरक्षा जागरूकता, साहित्य एवं प्रेरणादायी गतिविधियों के माध्यम से मानवता की सेवा के अपने संकल्प को पुनः दोहराया।
यह भेंट मानवता, शांति, करुणा एवं सेवा के संदेश के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।


