
कक्षा 11वीं-12वीं के 200 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, कोर्स, फीस, छात्रवृत्ति और प्लेसमेंट से जुड़े सवालों के मिले जवाब
सहारनपुर के सेंट मैरी स्कूल, में माययूनिमेंटर की ओर से ‘स्कूल करियर गाइडेंस समिट 2026-27’ का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 15 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लेकर उच्च शिक्षा और करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी प्राप्त की।
समिट के दौरान दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तराखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, फीस, छात्रवृत्ति, हॉस्टल सुविधाओं और प्लेसमेंट की जानकारी दी। पहले सत्र में 40 मिनट तक विद्यार्थियों को स्ट्रीम और कोर्स के चयन, प्रवेश परीक्षाओं की समय-सारणी, दाखिले की प्रक्रिया और रोजगार की संभावनाओं के बारे में बताया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालयों के स्टॉल पर जाकर प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया और अपने सवालों के जवाब प्राप्त किए।
माययूनिमेंटर के संस्थापक ओम गर्ग ने कहा कि 12वीं के अधिकांश विद्यार्थियों में मेहनत की कमी नहीं होती, बल्कि उन्हें सही मार्गदर्शन और अपने सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाते। कौन-सा कोर्स चुनना चाहिए, किस प्रवेश परीक्षा की तैयारी करनी है, किस शहर में पढ़ाई करना बेहतर रहेगा और डिग्री के बाद रोजगार की क्या संभावनाएं हैं, इन सवालों को लेकर विद्यार्थी अक्सर असमंजस में रहते हैं। समिट के माध्यम से उन्हें विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से सीधे जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विद्यार्थी को एक ‘करियर कार्ड’ भी दिया गया। कार्ड भरकर अपना नाम दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को माययूनिमेंटर की ओर से निःशुल्क व्यक्तिगत करियर काउंसलिंग सत्र का अवसर दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, अक्टूबर माह में देहरादून और सहारनपुर के कुल 11 स्कूलों में इस समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से 2,050 से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

