कोटद्वार में समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश

कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष और कोटद्वार की विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने नींबूचौड़ स्थित अपने आवास पर शहरी विकास और कोटद्वार नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में कोटद्वार की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

   ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने शहरी विकास विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से देहरादून से बुलाया और पंचायत भवन की मरम्मत को तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए। विधानसभा अध्यक्ष ने नगर निगम को निर्देश दिया कि कोटद्वार में अधिक कूड़ा उठाने की व्यवस्था को सुधारने और गाड़ियों की मॉनिटरिंग को सख्ती से लागू किया जाए। इसके साथ ही, नगर में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए नई गौशाला की स्थापना और मोटर नगर के बस अड्डे की स्थिति पर भी विचार किया गया।

    ऋतु खण्डूडी भूषण ने नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने स्थानीय जनता, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए कोटद्वार में एक इको पार्क बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मुक्ति धाम और कोटद्वार स्टेडियम की दीवार को ऊंचा करने और इलाके में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर कोटद्वार नगर आयुक्त वैभव गुप्ता, सह नगर आयुक्त चंद्र शेखर शर्मा, शहरी विकास अधिक्षण अभियंता रवि पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर नीलू चावला सहित अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *