राज्य वन सेवा को मिले 28 नए अधिकारी जिनमे 12 महिलाएं भी शामिल
देहरादून: देश को राज्य वन सेवा के 28 नए अधिकारी मिल गए हैं। इनमें 12 महिला अधिकारी भी शामिल हैं। केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा, देहरादून में 38वें प्रवेश पाठ्यक्रम सत्र 2024-26 के प्रशिक्षु अधिकारियों का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद उपाधि एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के सभागार में आयोजित दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र आर. तिवारी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को पुरस्कृत किया। कर्नाटक के शशि कुमार एमसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक सहित सर्वाधिक छह पुरस्कार अपने नाम किए।
समारोह में 18 अधिकारियों को ऑनर्स उपाधि, जबकि 10 प्रशिक्षु अधिकारियों को डिप्लोमा उपाधि से सम्मानित किया गया। इस बैच में कर्नाटक के 17, मध्य प्रदेश के छह, छत्तीसगढ़ के चार और उत्तर प्रदेश का एक प्रशिक्षु अधिकारी शामिल है।
इस अवसर पर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी के निदेशक राजेंद्र पी. खजूरिया ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने युवा वन अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए वन एवं पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का आह्वान किया।
दीक्षांत समारोह में नए वन अधिकारियों के प्रशिक्षण पूर्ण होने के साथ ही उनके देश की वन संपदा, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद जताई गई।


