गढ़वाल: बारिश के बीच नाले में मिला नवजात, मुंह से रबड़ निकालते ही चलने लगी सांसें.. अस्पताल में भर्ती

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के रांगतोली गांव में गुरुवार सुबह एक नवजात संदिग्ध परिस्थितियों में नाले के किनारे पड़ा मिला। समय रहते स्थानीय महिला की नजर पड़ने और ग्रामीणों की तत्परता से नवजात को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे गोशाला जा रही एक महिला ने गांव के आम रास्ते के पास नाले के किनारे एक नवजात को पड़ा देखा। महिला ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान संतोष गुसांई और ग्राम प्रहरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि नवजात जीवित अवस्था में पड़ा था।

ग्राम प्रधान संतोष गुसांई के अनुसार, जब वे मौके पर पहुंचे तो नवजात के मुंह में रबर का एक टुकड़ा लगा हुआ था। उन्होंने उसे हटाया, जिसके बाद बच्चे की सांसें चलती हुई महसूस हुईं। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

सूचना मिलते ही चमोली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि नवजात की हालत पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि बच्चे को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। पुलिस आसपास के क्षेत्र से जानकारी जुटा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *